कोटपूतली के मोहनपुरा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के बाहर शुक्रवार सुबह मजदूरों और कार्मिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन तथा ठेकेदारों के खिलाफ प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर श्रमिक प्लांट के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कार्मिकों का आरोप है कि उनसे फैक्ट्री में 12 घंटे से अधिक समय तक काम करवाया जा रहा है, जो श्रम नियमों का सीधा उल्लंघन है। मजदूरों का ये भी कहना है कि अत्यधिक काम लेने के बावजूद उन्हें पूरा वेतन या मजदूरी नहीं दी जा रही है। आंदोलनकारी मजदूरों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कई बार फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित ठेकेदारों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया था। हालांकि, लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण उन्हें काम बंद कर प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। सैकड़ों मजदूरों के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई है। फिलहाल, प्लांट के बाहर मजदूर डटे हुए हैं, जिससे प्लांट का कामकाज कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। मजदूरों का कहना है कि जब तक प्रबंधन ठोस आश्वासन और लिखित समझौता नहीं करता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।