भीलवाड़ा यंग क्रिकेट क्लब और भीलवाड़ा क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में न्यू लुक सेंट्रल स्कूल ग्राउंड पर चल रही प्रथम अंडर-17 भीलवाड़ा यूथ प्रीमियर लीग के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में सुभाष क्लब ने एमडी-11 भीलवाड़ा को 51 रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में अकाय अकादमी ने डीडी राइडर्स को 9 रन से मात दी। पहले मुकाबले में सुभाष क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 131 रन बनाए। टीम की ओर से देवराज सिंह राठौर ने 47 और हर्षिल ने 17 रन का योगदान दिया। एमडी-11 की गेंदबाजी में पवित्र जैन ने चार विकेट लिए, जबकि अथर्व और पंकज को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमडी-11 की टीम 80 रन पर सिमट गई। उसके लिए अथर्व मालू ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। सुभाष क्लब की ओर से कृष्णा सिंह ने तीन विकेट चटकाए, जबकि देवराज सिंह राठौर और हेनिल पायक को दो-दो विकेट मिले। इस मैच में बेहतर प्रदर्शन के लिए देवराज सिंह राठौर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मैच में अकाय अकादमी ने पहले खेलते हुए 25 ओवर में 179 रन बनाए। इसमें कर्तव्य वैष्णव ने 66 और हर्ष टाक ने 51 रन बनाए। डीडी राइडर्स की ओर से दिव्यांश और मयंक ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अंश दुबे और यश तिवारी को एक-एक विकेट मिला। जवाब में डीडी राइडर्स ने 170 रन बनाए, लेकिन टीम 9 रन से लक्ष्य से पीछे रह गई। टीम की ओर से कमलेश राठौर ने 57 रन की पारी खेली। अकाय अकादमी की गेंदबाजी में हिमांशु सोमानी ने तीन विकेट लिए। इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जिनय सिंघवी को दिया गया।