टोंक के उनियारा शहर में बुधवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे दो भाइयों पर दो युवकों ने हमला किया। आरोपियों ने लूट के इरादे से देशी कट्टे से हवाई फायरिंग की और एक भाई के सिर पर वार किया। घायल प्रदीप कुमार गुप्ता को हॉस्पिटल ले जाकर इलाज कराया गया। घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने उनियारा थाने के बाहर पहुंचकर करीब एक घंटा तक उसका घेराव किया और हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। फिर मध्य रात को लोग जल्द गिरफ्तार करने के पुलिस के आश्वासन के बाद घर चले गए। लेकिन घटना के 12 घंटे बीतने के बाद शुक्रवार दस बजे तक भी कोई गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारी अब धरना, प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे है। रास्ते में रोककर किया हमला घायल व्यापारी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि उसकी बस स्टैंड के पास दुकान है। बुधवार देर रात करीब दस बजे दुकान बंद करके वह और उसका भाई अजय गुप्ता घर लौट रहे थे। उनके पास दिनभर की बिक्री के हजारों रुपए भी थे। रास्ते में क्षेत्र के ही रहने वाले राजा बाबू गुर्जर और रामसिंह खटाना मिले और बिना कुछ कहे मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने देशी कट्टे से हवाई फायरिंग कर दी और कट्टे के बट से संदीप कुमार गुप्ता के सिर में पीछे की ओर मारा । इसे उसका करीब तीन इंच लंबा सिर फट गया। आरोपी हमलाकर फरार हो गया। 12 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं घायल के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने उसे तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसे तीन से चार टांके लगे। घटना के बाद देर रात करीब 11 बजे व्यापारी थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए घेराव किया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद लोग वापस लौटे। घटना के 12 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे तक भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे नाराज व्यापारी अब धरना और प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। इनपुट: आनंद शर्मा, उनियारा।