आमतौर पर इन दिनों लू शुरू हो जाती है, मगर रविवार को यहां मौसम पूरी तरह साफ और सुहावना रहा। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से कम 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप के बाद भी लोगों को गर्मी ने परेशान नहीं किया। रात के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। बीकानेर में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से कम रहा। रात और सुबह हल्की ठंडक महसूस की गई। पंखे और एसी की गति धीमी होने से शहरवासियों को राहत मिली और उन्होंने चैन की नींद ली। हालांकि, मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, रविवार को आसमान साफ रहने के बावजूद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से आगामी एक-दो दिनों में बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम फिर करवट लेगा। सोमवार, 6 अप्रैल को दोपहर बाद आसमान में बादल छाएंगे और देर रात गरज-चमक के साथ बारिश की हल्की छींटें पड़ सकती हैं। रात में बारिश की संभावना है। मंगलवार को इस सिस्टम का असर चरम पर होगा। शहर और ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी के साथ मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।