डीग में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का कहर जारी है। सोमवार को दोपहर बाद तेज हवाओं और गर्जना के साथ बरसात शुरू हो गई, जिससे किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। पिछले एक सप्ताह से जिले में बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि हो रही है। सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे डीग जिले के गांव अऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। खेतों में खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसल को काफी नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि और बरसात के कारण उनकी कटी हुई फसल खराब हो गई है। इस नुकसान को देखते हुए किसानों ने राज्य सरकार से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी वर्षों की मेहनत बर्बाद हो गई है। फिलहाल भी आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे और बारिश की संभावना बनी हुई है।