टोंक के सदर थाना इलाके के अन्नपूर्णा क्षेत्र में बमोर रोड के पास श्रीश्याम पेपर्स फैक्ट्री में गुरुवार सुबह हादसा हो गया। एक मजदूर मालवाहक लिफ्ट से गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ मजदूर शेर अली पुत्र नौशाद यूपी के मुरादाबाद में मुसेदी गांव का रहने वाला था। सदर थाना पुलिस के मुताबिक- गुरुवार सुबह 11 बजे शेर अली फैक्ट्री में सामान ले जाने वाली मालवाहक लिफ्ट में ऊपर से नीचे आ रहा था। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ा और वह गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शेर अली कई साल से फ्रैक्ट्री में काम कर रहा था। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को मुरादाबाद में सूचना दी। उनके आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।