सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा पर्यूषण पर्व के पांचवें दिन रविवार को नगर परिषद क्षेत्र के जिनालयों में उत्तम सत्य धर्म मनाया गया। इस अवसर पर जिनेंद्र भक्तों ने जिनालयों में जिनाभिषेक एंव शांतिधारा कर अष्ट द्रव्य से उत्तम सत्य धर्म की पूजा की गई और सत्य को जीवन का आधार बनाने तथा व्यवहार में सरलता, ईमानदारी एवं पारदर्शिता अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज के लोगों ने भाग लिया। अहिंसा सर्कल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कार जी के विशुद्धमति सभागार में जैन स्मार्ट जोड़ी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रवीण जैन, विमल सोगानी एवं महावीर बज के आतिथ्य व सौरभ बज, रेणू बज एवं शुभी जैन के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में शैली एवं अभिषेक सोगानी की जोड़ी ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जैन स्मार्ट जोड़ी का खिताब जीता। अतिथियों ने हर्ष ध्वनि के बीच विजेता जोडी की ताजपोशी की। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना भी की गई। निर्णायक की भूमिका चंद्रकला बाकलीवाल एवं हरसीलाल जैन श्रीमाल ने निभाई। संरक्षक मोहनलाल कासलीवाल एवं महावीर बज ने बताया कि पर्यूषण पर्व केवल धार्मिक आराधना एवं तपस्या का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का अवसर भी है। इसी उद्देश्य से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं, जिनमें समाज के सभी वर्गों को सहभागिता का अवसर मिल सके। शहर स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मुदायमी मंदिर में मंदिर प्रबंध समिति के संयोजन में रात्रि जागरण हुआ, जिसमें समाज अध्यक्ष अशोक बड़जात्या के निर्देशन में सुधा संगीत मंडली के गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।