कोटा की रानपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36 किलो 565 ग्राम डोडा चूरा और 226 ग्राम अफीम जब्त की है। कार्रवाई ऑपरेशन गरुड़ व्यूह के तहत की गई। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- जिले में अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार और अवैध शराब की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए। रानपुर थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह भाटी ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूर्यनगर रोड (जगपुरा) स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में डोडा चूरा और अफीम रखी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान मालिक रमन अहीर के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में रखे कट्टों और बोरियों से 36 किलो 565 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अलावा 226 ग्राम अफीम भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से आरोपी रमन अहीर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन अहीर (35) निवासी सूर्यनगर रोड (जगपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह माल कहां से लाया गया और किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।