चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के तहत जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं और बच्चों को निर्धारित टीके लगाए गए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को समय पर टीकाकरण कराने के महत्व की जानकारी देते हुए सभी निर्धारित टीके अवश्य लगवाने के लिए प्रेरित किया। टीकाकरण अभियान की निगरानी चिकित्सा विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर मनोज गुप्ता ने माधोसिंहपुरा, हिम्मतपुरा सहित विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला और बच्चे तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए तथा कोई भी लाभार्थी टीकाकरण से वंचित नहीं रहे। मनोज गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर ब्लॉक के अंतर्गत सूरवाल सीएचसी क्षेत्र के करमोदा, मैनपुरा, करेला, घुड़ासी, पचीपल्या, धनौली और दुब्बी सहित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा सेलू पीएचसी क्षेत्र के पढ़ाना, गोगोर तथा अन्य गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी नियमित टीकाकरण किया गया। प्रत्येक केंद्र पर एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिलकर टीकाकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को टिटनेस सहित आवश्यक टीके लगाए गए, वहीं बच्चों को आयु के अनुसार नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत विभिन्न टीके लगाए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को बताया कि समय पर टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखता है। इसलिए किसी भी स्थिति में टीकाकरण की निर्धारित तिथि नहीं छोड़नी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टीकाकरण रजिस्टर, वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन व्यवस्था और लाभार्थियों के रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया। चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण अवश्य कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान में सहयोग दें, ताकि सभी बच्चों और माताओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।