भास्कर न्यूज | बारां शहर में मंगलवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती जिला और ब्लॉक स्तर पर मनाई गई। शहर के अम्बेडकर सर्किल स्थित प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी किया गया। बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने शिक्षा और प्रतिभा के बल पर समाज को नई दिशा दी। किशनगंज विधायक ललित मीणा ने उनके बताए मार्ग पर चलकर मेहनत और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की बात कही। कार्यवाहक कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने डॉ. अम्बेडकर को सामाजिक विकास का प्रमुख चिंतक बताया और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी शुभम नागर के अनुसार कार्यक्रम के बाद डीओआइटी के वीसी रूम से राजकीय कार्मिकों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और उसमें भाग लिया। जिले में 11 से 13 अप्रैल तक संबंधित आयोजनों की श्रृंखला भी चली। 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और विचार संगोष्ठी आयोजित हुई। 12 अप्रैल को राजकीय और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों को डॉ. अम्बेडकर के जीवन और कार्यों की जानकारी दी गई। 13 अप्रैल को जिला और ब्लॉक स्तर के राजकीय छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में सामाजिक न्याय दर्शन पर संगोष्ठी, व्याख्यान, चलचित्र प्रदर्शन, पेंटिंग, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।