बाड़मेर. कार्यक्रम में मौजूद साध्वीवृंद व अन्य। भास्कर न्यूज | बाड़मेर शांति नगर रेन बसेरा के पीछे विघ्नहरा जीरावला पार्श्वनाथ भगवान जिनालय मंदिर में सप्तम वर्षगांठ पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। शुक्रवार सुबह 9.30 बजे साध्वी हिरण्यगुणा की निश्रा में अठारह अभिषेक सहित अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए। साध्वी हिरण्यगुणा ने कहा कि परमात्मा के अभिषेक से सर्व प्रकार की व्याधियां समाप्त होती हैं। परमात्मा के स्पर्श किए हुए अभिषेक के स्पर्श से मन पवित्र होता है। व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति मिलती है। शारीरिक व मानसिक शांति का सुखद अनुभव होता है। नरेन्द्र श्रीश्रीमाल विनय ने बताया कि अठारह अभिषेक में अठारह तरह की विभिन्न औषधियों से निर्मित जल से परमात्मा का अभिषेक किया जाता है। अभिषेक के दौरान चंद्र दर्शन और सूर्य दर्शन का विधान भी संपन्न हुआ। चंद्र दर्शन का लाभ मदनलाल भंवरलाल बोथरा ने लिया। सूर्य दर्शन का लाभ रौनक अशोक संखलेचा ने लिया। सकल संघ ने लाभार्थी परिवारों की अनुमोदना की। मंदिर निर्माणकर्ता मांगीलाल श्रीश्रीमाल ने बताया कि शनिवार सुबह 9.30 बजे सत्तरभेदी पूजा व ध्वजारोहण का आयोजन होगा। इसमें सैकड़ों भक्त शामिल होंगे। कार्यक्रम में डूंगरमल श्रीश्रीमाल, पवन श्रीश्रीमाल, मांगीलाल श्रीश्रीमाल, जगदीश सिंघवी सहित बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी मौजूद रहे। गायक गौरव मालू ने स्तवनों की प्रस्तुतियां दी।