भारत में हर साल 15 लाख से अधिक नए कैंसर मरीज सामने आ रहे हैं। इस गंभीर चुनौती के बीच ‘कैंसर से कोई अकेला न लड़े’ का संदेश देते हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि कैंसर से बचे लोग सच्चे योद्धा हैं। उनकी कहानियां समाज को आशा और साहस देती हैं। वे शनिवार को जयपुर में भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की ओर से आयोजित 23वें कैंसर उत्तरजीवी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह दिवस मानव जिजीविषा और अटूट आशा का उत्सव है। उपराष्ट्रपति ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम का हवाला देते हुए बताया कि देश में प्रतिवर्ष 15 लाख से अधिक कैंसर के मामलों को देखते हुए रोकथाम, शीघ्र पहचान और प्रभावी इलाज बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च कर 68 लाख से ज्यादा कैंसर रोगियों के उपचार कराए गए हैं। इनमें करीब 75 प्रतिशत लाभार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। यह योजना स्वास्थ्य सेवाओं की खाई को पाटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में कैंसर से लड़कर उसे हराने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। HPV टीकाकरण-रोकथाम बेहद जरूरी उपराष्ट्रपति ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का उल्लेख किया। बोले, लक्ष्य एक करोड़ से अधिक लड़कियों को कवर करना है। उन्होंने कहा कि जीवनशैली में बदलाव, तंबाकू, धूम्रपान और अस्वास्थ्यकर खानपान से दूरी कैंसर के जोखिम को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। देशभर में 450 से अधिक डे-केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए प्रारंभिक स्क्रीनिंग और जिला अस्पतालों में कैंसर रोधी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। बागडे ने कहा- पंजाब की फैक्ट्रियों का पानी खतरा राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पंजाब की फैक्ट्रियों से निकलने वाला रसायन युक्त पानी श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ तक पहुंच रहा है, जो कैंसर की बड़ी वजह बन सकता है। उन्होंने कैंसर मुक्त राजस्थान का लक्ष्य तय करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखने की जानकारी भी दी। खींवसर ने कहा- 35 हजार करोड़ का स्वास्थ्य बजट भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की ओर से आयोजित 23वें कैंसर उत्तरजीवी दिवस समारोह में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि प्रदेश में 35 हजार करोड़ रुपए का स्वास्थ्य बजट रखा गया है। सरकार ने 60 हजार चिकित्सा कर्मियों की भर्ती का लक्ष्य तय किया है, जिनमें से 25 हजार नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं।