रियलिटी शो बिगबॉस में अक्सर एक आवाज सुनाई देती है, दोपहर 12 बजे, आगे देखिए, कल देखिए, बिगबॉस में आपने कल देखा, अब आगे देखिए। यह आवाज निकालने वाले एक्टर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट विजयविक्रम सिंह गुरुवार देर रात एक बजे जयपुर पहुंचे। विजयविक्रम अभिनेता, वॉइस ओवर आर्टिस्ट और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में पहचान रखते हैं। वे यहां जयपुर में युवाओं, स्टूडेंट्स और उभरते कलाकारों के लिए आयोजित एक विशेष कम्युनिकेशन और पर्सनैलिटी डवलपमेंट सेशन में हिस्सा लेने आए हैं। यह कार्यक्रम नावेंटम और उसके स्किल डवलपमेंट प्लेटफॉर्म ओरियन लेब के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को इंडस्ट्री से जुड़े व्यावहारिक अनुभव और भविष्य के लिए जरूरी कौशल प्रदान करना है। वॉइस ओवर के अलावा विजय एक सफल अभिनेता भी हैं। वे वेब सीरीज 'द फैमिली मैन', 'स्पेशल ऑप्स', 'क्रिमिनल जस्टिस', 'ह्यूमन', 'रुद्र' सहित कई चर्चित फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में अभिनय कर चुके हैं। हालही में सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ इक्का फिल्म में नजर आ रहे हैं। अभिनय के साथ-साथ वे देशभर में मोटिवेशनल सेशन और कम्युनिकेशन वर्कशॉप भी आयोजित करते हैं, जहां हजारों युवा उनसे सीखने पहुंचते हैं। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विजय विक्रम सिंह ने जयपुर से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि जयपुर जितना यहां के लोगों का है, उतना ही मेरा भी है। मैं जयपुर का दामाद हूं। यहां आकर हमेशा अपनापन महसूस होता है। अक्सर जब भी जयपुर आता हूं तो होटल में नहीं, अपने ससुराल में ही रुकता हूं। लेकिन इस बार काम के सिलसिले में आया हूं, इसलिए होटल में ठहरा हूं। जयपुर आते ही मन खुश हो जाता है। कम्युनिकेशन स्किल ही सफलता की असली कुंजी विजय विक्रम सिंह ने कहा कि आज के दौर में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। यदि व्यक्ति अपनी बात प्रभावी ढंग से नहीं रख पाता तो उसका ज्ञान अधूरा रह जाता है। उन्होंने कहा कि आप तकनीकी रूप से कितने भी मजबूत क्यों न हों, लेकिन अगर आप खुद को सही तरीके से व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं तो आपकी सारी जानकारी बेकार हो जाती है। एक्सप्रेशन आपकी सबसे बड़ी ताकत है। यह सिर्फ एक्टिंग में नहीं, बल्कि नौकरी, बिजनेस, इंटरव्यू, लीडरशिप और रोजमर्रा की जिंदगी के हर क्षेत्र में काम आता है। उन्होंने बताया कि उनकी कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को यह समझाना है कि वे सार्वजनिक मंच पर आत्मविश्वास के साथ कैसे बोलें, अपनी कम्युनिकेशन स्किल कैसे बेहतर करें और अपनी बात को प्रभावी ढंग से लोगों तक कैसे पहुंचाएं। युवाओं को मिलेगा इंडस्ट्री एक्सपोजर इस कार्यक्रम का आयोजन नावेंटम की ओर से किया जा रहा है, जो ब्रांड स्ट्रेटजी, डिजाइन, मार्केटिंग, डिजिटल इनोवेशन और क्रिएटिव कंसल्टिंग के क्षेत्र में कार्यरत कंपनी है। कंपनी अपने स्किल डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म ओरियन लैब के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के नेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों को युवाओं से जोड़ रही है। इसका उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच मौजूद दूरी को कम करना है, ताकि युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव भी मिल सके। इसी पहल के तहत विजय विक्रम सिंह जैसे अनुभवी कलाकार और वक्ता युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।