सवाई माधोपुर के विजेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान सोमनाथ मंदिर पर प्रथम विदेशी आक्रमण के 1000 साल और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार तथा देवस्थान विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सवाई माधोपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर काना राम, एडीएम संजय शर्मा, एडीएम गौरव मित्तल और उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर व अन्य अधिकारियों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की खुशहाली की कामना की। शिव स्तुति से गूंजा मंदिर परिसर कार्यक्रम के दौरान भजन-गायन, शिव स्तुति एवं धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन के माध्यम से सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में मुख्य कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पूजन,रूद्राभिषेक एवं श्रृंगार कार्यक्रमों का प्रसारण श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में देखा।