मित्रपुरा| मित्रपुरा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत दतुली में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया तथा राजस्व, कृषि, विद्युत, पशुपालन एवं पंचायत से जुड़े कार्यों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना गांव में ही त्वरित राहत और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार बसंत कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, जमीनी विवाद, रास्ता विवाद, आवासीय भूखंड पट्टा, हैंडपंप सुधार, कृषि योजनाओं की जानकारी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण प्राप्त हुए। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। उन्होंने बताया कि राजंती पत्नी एलमचंद ने अपनी खातेदारी भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में नाम की अशुद्धि संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। जांच के दौरान करीब 20 वर्ष पुराने विक्रय पत्र एवं नामांतरण अभिलेखों के आधार पर राजंती पत्नी एलमचंद तथा गुड्डी पत्नी बाबूलाल के नाम जमाबंदी में शुद्ध किए गए। इसी प्रकार नानगी पत्नी पुनिराम के राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी त्रुटि को भी सुधारते हुए जाति नाथ के स्थान पर मीना दर्ज की गई। शिविर में नामांतरण के कुल 11 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं रास्ता विवाद से जुड़े 20 प्रकरण सामने आए,, जिनमें से 16 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।