भास्कर न्यूज़ | पाली निजी स्कूल में राज्य स्तरीय विश्वकर्मा सामान्य ज्ञान परीक्षा हुई। भीषण गर्मी के बावजूद जिले से 123 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। केंद्र पर्यवेक्षक व जिला शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार जांगिड़ के अनुसार, जांगिड़ समाज के 177 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जिनमें से 123 उपस्थित रहे। जूनियर वर्ग में 58 और सीनियर वर्ग में 60 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। केंद्र अधीक्षक पारस मल बरड़वा ने बताया कि वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सारंग की प्रेरणा और अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा प्रादेशिक सभा जयपुर के मार्गदर्शन में यह समाज की पहली परीक्षा रही। परीक्षा में 63 छात्र और 60 छात्राओं की भागीदारी रही। प्रचार मंत्री घेवरचन्द आर्य के मुताबिक, परीक्षा के बाद समिति की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को 9 कॉपियों का सेट दिया गया। इधर, विश्वकर्मा जांगिड़ समाज सेवा समिति की ओर से जिला स्तरीय जांगिड़ समाज विद्यार्थी कॅरिअर गाइडेंस शिविर और प्रतिभा सम्मान समारोह भी हुआ।