बाड़मेर शहर का बिजली तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है। डिस्कॉम की तकनीकी खामियों और मेंटेनेंस में बरती गई लापरवाही का खामियाजा शुक्रवार रात शहर के 30 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा। भीषण गर्मी व लू के बीच शिवनगर जीएसएस की 33 केवी अंडरग्राउंड को पानी माफिया ने अवैध कनेक्शन के लिए जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि इस दौरान करंट लगने से बड़ा हादसा होने से टल गया। लाइन फाल्ट होते ही बिजली कट गई थी। शहर के बड़े हिस्से में करीब 10 घंटे तक बिजली गुल रही। लोग पूरी रात सो नहीं पाए, छोटे बच्चों और बुजुर्गों का गर्मी से बेहाल हो रहा। दूसरी ओर फाल्ट दुरस्त करने की जिम्मेदारी संभालने वाली एफआरटी और डिस्कॉम के अफसर रात भर सप्लाई बहाल करने के लिए प्रयास नहीं किया। पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन के लिए खुदाई शिवनगर जीएसएस से महज 100 फीट की दूरी पर एक खाली प्लॉट में 10 टैक्टर-टैंकर क्षमता का अवैध टांका बनाया जा रहा था। इस टांके को पीएचईडी की 200 एमएम पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन से जोड़ने के प्रयास में जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान साढ़े तीन फीट गहराई में दबी डिस्कॉम की 33 केवी अंडरग्राउंड केबल जेसीबी के पंजे में फंसकर कट गई और फाल्ट हो गया। 200 मीटर के एरिया में 5 से अधिक जलमाफिया शिवनगर ओवरहेड टैंक से निकलने वाली 200 एमएम एचडीपी पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन के जरिए पानी चोरी का जुगाड़ किया जा रहा था। टैंक के महज 200 मीटर के दायरे में ही 5 से अधिक जलमाफिया सक्रिय हैं, जो रोजाना हजारों लीटर पानी चोरी कर टैंकों के जरिए ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। टैंक से निकलने वाली लाइन में पानी का प्रेशर अत्यधिक रहता है। कागजों में तैनात 3 कर्मचारी, मौके पर एक भी नहीं जीएसएस से मात्र 100 फीट की दूरी पर जेसीबी से खुदाई हो रही थी, लेकिन विभाग के कार्मिको को भनक तक नहीं लगी। डिस्कॉम ने जीएसएस को ठेके पर दे रखा है। कागजों में हर शिफ्ट में 3 कर्मचारियों की ड्यूटी है, लेकिन मौके पर एक भी कार्मिक मौजूद नहीं रहता। डिस्कॉम के पास इमरजेंसी बैकअप नहीं था, जिसके कारण 30 हजार लोगों को शनिवार सुबह 10 बजे तक परेशानी झेलनी पड़ी। केबल फाल्ट से विभाग को करीब 8.60 लाख का नुकसान हुआ है। शहर के इन इलाकों में 10 घंटे बंद रही बिजली सप्लाई केबल फाल्ट से शिवनगर, रीको जीएसएस, चौहटन चौराहा, अरिहंत नगर, सुजान नगर, रामनगर, विष्णु कॉलोनी, गांधीनगर, शास्त्रीनगर, महेश पब्लिक स्कूल, बलदेव नगर, नेहरू नगर, तिलक नगर और जोगियों की दड़ी सहित दर्जनों इलाकों की सप्लाई ठप रही। रीको की सप्लाई जैसे-तैसे बहाल की गई, लेकिन शेष इलाकों में शनिवार सुबह 10 बजे के बाद ही सप्लाई सुचारू हो पाई। लोगों को राहत मिली। आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया “जेसीबी से अवैध खुदाई के दौरान केबल कटने से फाल्ट हुआ था। विभाग को 8 लाख 60 हजार का नुकसान हुआ है। सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है। ओवरलोड की समस्या के समाधान के लिए नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत हैं, जिन्हें जल्द ही स्थापित किया जाएगा।” - उम्मेदाराम, एईएन, शहर द्वितीय डिस्कॉम।