टोंक. नगर परिषद टोंक के वार्ड नंबर-10 के बिलापुरा इलाके में चार माह से ज्यादा समय से बीसलपुर पेयजल योजना की सप्लाई बंद है। इससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्रवासी जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन किया। एईएन रामजीलाल चौधरी, जेईएन महेंद्र कुमार का करीब दो घंटे तक घेराव किया। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि पानी सप्लाई की समस्या कुछ समय पहले की है। सप्लाई शुरू करवाने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग दो-तीन दिन में एक बार टैंकर भेज रहा है। इससे पूरे इलाके की जरूरत पूरी नहीं हो रही। लोगों ने कहा कि टैंकर व्यवस्था अस्थायी राहत है। चार माह से घरों के नलों में बीसलपुर का पानी नहीं पहुंचा। स्थानीय अमित सैनी ने बताया कि उपखंड स्तरीय जनसुनवाई, संपर्क पोर्टल, जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं। अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। शिकायतों के बाद भी विभाग की उदासीनता से नाराजगी बढ़ी है। क्षेत्रवासी दिनेश, राकेश, राजेश, संदेश, दीपक, आशु, विनोद, अजय, पप्पू, टोनी, सुनील, धापू, केसर, सीता, संतोष, मरजीना, कांता, हेमा, लक्ष्मी सहित अन्य लोगों ने कहा कि संकट का सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों पर पड़ रहा है। लोगों को रोज 2 से 3 किलोमीटर दूर से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। टैंकर का पानी पूरे मोहल्ले के लिए कम पड़ रहा है। महिलाओं को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन, जलदाय विभाग से बिलापुरा में बीसलपुर सप्लाई तुरंत करने की मांग की। जेईएन महेंद्र कुमार ने कहा कि महिला-पुरुषों में आक्रोश था। 3 माह से सप्लाई बाधित होने की बात गलत है। वे पहले भी चैक कर चुके हैं। कुछ दिन से ही समस्या है।