भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं शुष्क मौसम से जिले में 7 दिन से जारी भीषण गर्मी पर शनिवार को ब्रेक लग गए। दोपहर बाद मौसम में हुए बदलाव के कारण जिले में कई जगह हल्की बारिश हुई। इस दौरान झुंझुनूं व पिलानी में हल्की बारिश हुई तो चिड़ावा के पास ओजटू में तेज सूंटे के कारण सड़क किनारे लगे होर्डिंग आदि उखड़ गए। शनिवार को सुबह बादल छाए रहे। सुबह 9 बजे के बाद एक बार धूप की तपन बढ़ गई। दिन में गर्म हवाओं ने गर्मी का असर और बढ़ा दिया। दोपहर बाद मौसम में हुए बदलाव से लोगों को धूप की तपन व गर्म हवाओं से राहत मिली। दोपहर 3 बजे के बाद बादलों की आवक बढ़ी। पौने चार बजे के बाद हवा में मिट्टी उड़ने लगी। इसके कुछ देर बाद ही जिला मुख्यालय के साथ पिलानी व अन्य स्थानों पर पहले बूंदाबांदी शुरू हो गई। लू के कारण वातावरण में नमी भी घटकर 18 प्रतिशत रह गई। इसके बाद गर्जना के साथ हल्की बारिश हुई। पिलानी मौसम केंद्र पर शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री व न्यूनतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को यहां अधिकतम 43.4 डिग्री व न्यूनतम 25.6 डिग्री रहा था। लोकल चक्रवात के कारण सुबह-शाम बादल छाए रहे। दिन में गर्मी तेज रही। दोपहर बाद गर्जना के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। धूप की तपन व गर्म हवा के कारण दिन में गर्मी तेज रहेगी। दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद 27 व 28 अप्रैल को बादलों का दबाव बढ़ने से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश भी हो सकती है। तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी कम रही। मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला तापमानबाड़मेर 45.7जैसलमेर 44.9बीकानेर 44.5जोधपुर 44.4कोटा 44.3चित्तौड़गढ़ 44.2श्रीगंगानगर 43.9पिलानी 43.7चूरू 43.7