सवाईमाधोपुर| जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल भविष्य की उड़ान, राज्य सरकार की मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण माहौल बनाने में परिणाम दे रही है। मलारना डूंगर ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय श्रीपुरा में जनसहयोग से स्कूल की तस्वीर बदली है। एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव के भामाशाहों और स्थानीय समुदाय से स्कूल को करीब 1 लाख 39 हजार रुपए का सहयोग मिला। स्कूल प्रशासन ने यह राशि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना में जमा करवाई। योजना के प्रावधानों के अनुसार राज्य सरकार ने इस पर करीब 2 लाख 8 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश दिया। स्कूल को कुल करीब 3 लाख 47 हजार मिले। इससे विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन जुटे। कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि इस राशि से सभी विद्यार्थियों के लिए नया फर्नीचर लगाया गया। पढ़ाई के लिए स्मार्ट डिजिटल बोर्ड भी स्थापित किया गया। स्कूल भवन की मरम्मत करवाई गई। अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ। इससे स्कूल का माहौल अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बना। गांव के भामाशाहों और जनसमुदाय को स्कूल विकास के लिए प्रेरित करने में प्रधानाध्यापक बनवारी लाल मीणा का योगदान रहा। बताया कि नई सुविधाओं से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ी है। सीखने की रुचि बढ़ी है। शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार दिख रहा है। भविष्य की उड़ान और मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण शिक्षा में बदलाव की नई इबारत लिख रही हैं।