सीकर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर पलसाना के निकट सड़क हादसा हो गया। वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला और पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक झुंझुनूं के डूंडलोद निवासी महेंद्र सिंह थे। उनके साथ उनके होटल पर काम करने वाली महिला भी थी, जिसकी भी हादसे में जान चली गई। दोनों खाटूश्यामजी में नए होटल के लिए जगह देखने जा रहे थे। हादसा पलसाना बाइपास स्थित भदाला की ढाणी तिराहे पर हुआ। दुर्घटना के बाद दोनों शवों को पलसाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। डिप्टी कैलाश कंवर राठौड़ व रानोली थानाधिकारी रामलाल जाटोलिया मौके पर पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया।