कोटा में खाना बनाते समय आग में झुलसने से महिला की मौत हो गई। घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बालिता रोड स्थित देवनारायण मंदिर के पास की है। दरअसल, संतोष बाई नाम की महिला 11 अप्रैल को अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस से आग भड़क उठी। जो कपड़ों में लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत महिला को कोटा के एमबीएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका लगातार इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने के चलते 15 अप्रैल की सुबह करीब सवा 7 बजे संतोष बाई ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एएसआई बोले- हादसा लग रहा कुन्हाड़ी थाने के एएसआई हरनारायण सिंह के अनुसार, हादसा 11 अप्रैल की सुबह हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में यह एक आकस्मिक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस ने नियमानुसार शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया था, ताकि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परिवार ने पोस्टमार्टम नहीं करवाया इस मामले में परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। उन्होंने लिखित में पुलिस को दिया कि वे पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते और किसी प्रकार की कार्रवाई भी नहीं चाहते। इसके बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।