कामा गेट स्थित शराब ठेके के विरोध में मंगलवार दोपहर 1 बजे दर्जनों महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली से जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी शरण गोपीनाथ कांबले को ज्ञापन सौंपकर ठेके की जगह बदलने मांग की। महिलाओं ने एसपी को बताया कि ठेके पर शराब पीने वाले लोग गाली-गलौज करते हैं, जिससे वहां से गुजरना उनके लिए मुश्किल हो जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई करती है, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। महिलाओं ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आबकारी विभाग ने जगह नहीं बदली तो वे आबकारी कार्यालय के सामने आंदोलन करेंगी, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने एसपी कार्यालय के बाहर आकर तपती धूप में महिलाओं से बात की और उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब बेचने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद महिलाएं अपने घर लौट गईं।