भावी कस्बे में पीपाड़ रोड स्थित शहीद स्मारक खेल मैदान पर आयोजित अमर शहीद सुनील सोहू क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में शहीद सुनील टीम भावी ने पिंटू क्लब रामनगर को हराकर खिताब जीता। वीर तेजा नवयुवक मंडल और ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 24 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम ने खेल भावना और देशभक्ति की मिसाल पेश करते हुए प्रथम पुरस्कार के 51 हजार रुपए शहीद सुनील के स्मारक निर्माण के लिए समिति को समर्पित कर दिए। खिलाड़ियों के इस निर्णय की ग्रामीणों ने सराहना की। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। भावी की टीम ने संतुलित गेंदबाजी, बल्लेबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के दम पर जीत दर्ज की। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि खेलों से अनुशासन, भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। समारोह में जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में शहीद सुनील अमर रहे के नारों के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।