गोगासर गांव में मोबाइल टावर पर केबिल बदलने गए एक युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद युवक को किसी से सहायता नहीं मिली, जिसके बाद वह खुद 10 किलोमीटर बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा। बाद में उसे चूरू के डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नागौर डीडवाना के कोलिया गांव निवासी दिनेश कुमार (22) जियो कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार को उसे सूचना मिली थी कि गोगासर गांव में लगे मोबाइल टावर पर पावर सप्लाई नहीं पहुंच रही है। इस पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा और टावर पर चढ़ गया। दिनेश ने बताया कि टावर की यूबीआर में पावर नहीं आ रही थी। उन्होंने केबिल बदलकर देखी, लेकिन फिर भी पावर नहीं आई। जब वह यूबीआर मशीन उतारकर नीचे ला रहा था, तो उसने नीचे मधुमक्खियों का झुंड देखा। करीब एक घंटे तक वह टावर पर ही फंसा रहा। तभी अचानक मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। बड़ी मशक्कत के बाद दिनेश टावर से नीचे उतरा। मधुमक्खियों के हमले से वह बुरी तरह घायल हो गया था। नीचे उतरकर उसने आसपास के घरों में एंबुलेंस मंगवाने की सहायता मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इसके बाद दिनेश खुद करीब 10 किलोमीटर बाइक चलाकर गांव के सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां उसने प्राथमिक उपचार करवाया। तबीयत में सुधार नहीं होने पर उनके साथ काम करने वाले साथी वहां पहुंच गए और उन्हें निजी वाहन से चूरू के डीबी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, डीबी अस्पताल में दिनेश कुमार का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।