राजगढ़ के मानपुरा निवासी एक युवक शुक्रवार दोपहर अपने घर पर ट्रैक्टर की सर्विस करते समय आग लगने से झुलस गया। ट्रैक्टर का डीजल बदलते समय बीड़ी की चिंगारी से आग लग गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। रूपाराम (30) ने बताया कि वह ट्रैक्टर का डीजल बदल रहा था और इसी दौरान उसने बीड़ी जलाई। तभी एक नट उछलकर बीड़ी पर गिरा, जिससे डीजल ने अचानक आग पकड़ ली। आग की चपेट में आने से रूपाराम बुरी तरह झुलस गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कंबल की मदद से आग बुझाई। परिजन उसे तुरंत एक निजी वाहन से राजगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए। राजगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रूपाराम की गंभीर हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस से चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टरों के अनुसार युवक 31 प्रतिशत झुलसा है। फिलहाल रूपाराम अस्पताल में भर्ती हैं और उसका इलाज जारी है। डॉक्टर उसकी तबीयत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।