अलवर जिले के भिवाड़ी के पास खुशखेड़ा में शनिवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। फैक्ट्री में काम करके बाइक से घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। मृतक की पहचान प्रमोद शर्मा (35) पुत्र शिवदत्त, निवासी भिंडूसी (रामनगर गांव) के रूप में हुई है। हादसा भिंडूसी मोड़ के पास हुआ। मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रमोद खुशखेड़ा की एक कंपनी में काम करता था और वहीं से बाइक से घर जा रहा था। भिंडूसी मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को कुचल दिया। गंभीर हालत में प्रमोद को टूपकड़ा से अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्रमोद शर्मा के दो छोटे बच्चे हैं।