चूरू | लोहिया कॉलेज में नई किरण नशामुक्ति केंद्र एनसीसी तथा प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। व्याख्यान का मुख्य विषय नशा नहीं जिंदगी चुने उज्ज्वल भविष्य की ओर पहला कदम रहा। अध्यक्षता कर रहे प्रिंसिपल डॉ. मंजू शर्मा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और कॅरिअर संवारने में लगाना चाहिए। मुख्यवक्ता अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अहसान गौरी ने नशे के चिकित्सीय और सामाजिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों के साथ बताया कि किस तरह नशा इंसान के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को खोखला कर देता है। केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. बीएल मेहरा ने केंद्र की काउंसिलिंग सेवाओं की जानकारी दी। बजरंग हर्षवाल, आयोजन समिति सदस्य रिजुल चौधरी, सुखवीर पूनिया, आदित्य शर्मा व समीक्षा चौधरी ने भी विचार व्यक्त किए। अजय तंवर ने आभार जताया। संचालन प्रो. कमलेश शर्मा ने किया।