उदयपुर शहर के नाई थाना क्षेत्र में बड़ी तालाब पर रविवार देर रात एक युवक पर 5 से 6 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने युवक पर चाकू से करीब 4 से 5 वार किए थे, जिससे उसके जांघ, सीने,पीठ और चेहरे पर घाव हो गए। सूचना मिलते ही नाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घायल की पहचान नजर हुसैन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह शाम को घर से बड़ी तालाब घूमने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला किया था। हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस सूचना पर थानाधिकारी मुकेश सोनी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जांच एएसआई निसार मोहम्मद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल कर हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार रंजिशवश हमला किया है। रंजिश किस तरह की थी और किन कारणों से हमला किया। इसकी जांच में की जा रही है। देखिए वारदात के PHOTOS…