घंटाघर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तीन बदमाशों ने चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी। विवाद का कारण आपसी रंजिश बताया गया है। तीन बदमाशों में से एक हिस्ट्रीशीटर है। वारदात से पहले युवक की इन बदमाशों से फोन पर कहासुनी हुई थी। इस पर बदमाशों ने युवक को बुलाया और हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक अंबावगढ़ कच्ची बस्ती निवासी मोहम्मद साहिल (25) है। वह मंगलवार रात अपने साथी जीशान के साथ हाथीपोल पर चाय पीने गए थे। तभी उन्हें प्रतापनगर हाल मल्लातलाई निवासी नईम और आयड़ निवासी हिस्ट्रीशीटर कुंदन ने फोन किया। फोन पर दोनों में विवाद हो गया। इस पर बदमाशों ने साहिल को बिच्छूघाटी बुलाया। रात 11:50 बजे साहिल-जीशान घर जा रहे थे। रास्ते में बिच्छूघाटी में एक टैक्सी नंबर की कार से नईम-कुंदन और एक अन्य बदमाश आया। तीनों ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। उनके सीने व कमर पर तीन वार लगे। चाकू लगने से उनका हार्ट पंक्चर हो गया। वारदात कर बदमाश भाग गए। साहिल को एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। 25 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग साहिल की मौत के बाद बुधवार सुबह परिजन और समाज के लोग मोर्चरी के बाहर इकट्ठा हो गए। सभी ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। परिजनों ने दिनभर शव नहीं लिया और पुलिस-प्रशासन के साथ समझौता वार्ता चलती रही। शाम को मुआवजे और संविदा पर नौकरी के आश्वासन पर परिजनों ने शव लिया। बहन रोते हुए बोली- मां को कैंसर, भाई इकलौता कमाने वाला था मृतक की बहन सानिया ने रोते हुए कहा कि भाई घर का इकलौता कमाने वाला था। मां कैंसर पीड़ित है। वही मां को संभालता था। अब वह कैसे संभालेगी? भाई खाना खाने घर से बाहर गए थे। इतने में भाई को धोखे से ले जाकर हत्या कर दी गई। सिर्फ 10 मिनट में खत्म कर दिया। भाई 10 मिनट में घर आ रहा था। उन्हें इंसाफ चाहिए। मृतक की चाची शहनाज खान ने बताया कि मंगलवार को भतीजे को किसी ने फोन कर बुलाया था। फिर घर पर एक युवक उसे लेने आया था। कार में 4-5 लोग थे। फिर भतीजे को साथ ले जाकर धोखे से हत्या कर दी। उन्होंने आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।