नगर निगम चुनाव में बगरू विधानसभा क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण दोनों इलाके शामिल हैं। 14 सीटों (वार्ड संख्या 59 से 72) पर भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला है, लेकिन 2 सीटों पर बागियों ने समीकरण बिगाड़ रखे हैं। 5 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस की महिला प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर होगी। दो वार्ड में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों को महिला प्रत्याशी कड़ी टक्कर देगी। परिसीमन के बाद 3 वार्ड ग्रामीण इलाकों से शामिल किए गए हैं। वार्ड 59, 60 व 61 में करीब 55-60 हजार वोटर पहली बार शहरी सरकार के लिए मतदान करेंगे। मुहाना से रिंग रोड, श्रीराम की नांगल वाटिका रोड, ​बीलवा, गोनेर सिरोही दांतली के 3 वार्डों में नए मतदाता निर्णायक होंगे। भाजपा ने 9 और कांग्रेस ने 6 पुराने चेहरों को मैदान में उतारा है। इनमें से कोई पूर्व पार्षद, पूर्व प्रत्याशी, पूर्व सरपंच व पार्टी में सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। वार्ड 61 में मुकेश मीणा, 62 में शंकरलाल शर्मा भाजपा से बागी होकर मैदान में हैं। कांग्रेस में वार्ड 65 में मुकेश रैगर और 66 में किशनलाल बागी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा; जीत के बाद विकास का आश्वासन भाजपा उम्मीदवार क्षेत्र की वंचित ​कॉलोनियों में बीसलपुर का पानी सप्लाई करवाने का आश्वासन दे रहे। ग्रामीण इलाकों में सड़कों का नेटवर्क, पार्क, नए बसे इलाकों में सफाई, सीवरेज, ड्रेनेज के लिए चुनाव बाद सबसे पहले सर्वे करवाने का दावा किया जा रहा। प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए भाजपा का बोर्ड बनने पर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से होंगे। कांग्रेस; आमजन की समस्याएं बनीं मुद्दा कांग्रेस प्रत्याशी भी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। 3 वार्डों में नियमन का मुद्दा हावी है। साथ ही गोनेर, नगरियावाला, बुद्धसिंहपुरा, पुराना जगतपुरा क्षेत्र में सीवरेज जाम की समस्या, कॉलोनियों में क्षतिग्रस्त सड़कें और बिजली लाइनें अंडरग्राउंड नहीं होने, एयरपोर्ट के नजदीक कई कॉलोनियों के नियमन के मुद्दे के साथ प्रचार में जुट गए हैं।