जयपुर में JDA और जमीन से जुड़े मामलों में कार्रवाई नहीं होने से नाराज चार महिलाएं और दो पुरुष पानी की टंकी पर चढ़ गए। प्रताप नगर सेक्टर-9 में रविवार दोपहर करीब 1 बजे यह घटना हुई। रेशमा, काली, लक्ष्मी, कुसुम, किशन और दौलत देर रात तक टंकी पर चढ़े हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा- हम सुबह से भूखे-प्यासे हैं। अपनी मांगों को लेकर टंकी पर बैठे हैं। सूचना के बाद पुलिस, SDRF और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और टंकी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा- 28 साल पुरानी योजना में हमें भूखंडों का पजेशन नहीं लेने दिया जा रहा। पुलिस ने कार्रवाई के लिए 10 दिन का मांगा समय मौके पर मौजूद हरिओम और चांदमल ने बताया- पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। साथ ही मामले में कार्रवाई के लिए 10 दिन का समय मांगा है। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कार्रवाई की ठोस बात होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णित कर्णावत के विरोध में भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पानी की टंकी पर कर्णावत का पोस्टर लगा दिया। मौके पर पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर रही है। किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए टंकी के नीचे जाल लगाया गया है। आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 1998 में पट्टे लेने का दावा, जमीन पर स्टे के चलते नहीं लिया पजेशन टंकी पर चढ़ी महिलाओं के साथ मौजूद दौलत, हरिओम ने बताया- मैंने साल 1998 में श्री जगदीश धाम योजना के नाम से पट्टे लिए थे। उनके अनुसार अचरोल गृह निर्माण सहकारी समिति लिमिटेड ने इसी नाम से कॉलोनी काटी थी। इस जमीन पर कॉलोनी डवलप की गई, उसे लेकर विवाद था। जमीन पर तालाब होने के कारण मामले में स्टे आ गया और हमने भूखंडों का पजेशन नहीं लिया। 2005 में केस के बाद आया स्टे, पुनीत कर्णावट पर रजिस्ट्री कराने का आरोप दौलत हरिओम का आरोप है कि साल 2005 में केस करने के बाद जमीन पर स्टे आया था। इसके बावजूद साल 2005 में पुनीत कर्णावट ने इस जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। उन्होंने बताया कि साल 2022 में जमीन से जुड़े मामले में फैसला आया। इसके बाद पुनीत कर्णावट ने जमीन पर JDA अप्रूव्ड दूसरी कॉलोनी काट दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा- इसी जमीन पर हमारे पहले से भूखंड हैं। पजेशन लेने पहुंचे तो रोकने का आरोप, धमकी देने की भी शिकायत दौलत हरिओम ने बताया- दूसरी कॉलोनी काटे जाने की जानकारी मिलने पर हम लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन हमें अपने भूखंडों का पजेशन नहीं लेने दिया गया। उनका आरोप है कि अब पुलिस और कुछ लोग हमें धमका रहे हैं। उन्होंने कहा-पुनीत कर्णावट से भी कई बार मुलाकात कर मामले का समाधान कराने की कोशिश की गई, लेकिन वहां से भी हमें धमकी दी गई। योजना में 206 भूखंडधारी, 13 को मिला पजेशन प्रदर्शनकारियों के अनुसार- श्री जगदीश धाम योजना में कुल 206 भूखंडधारी हैं, जिनमें से 13 लोगों को पजेशन मिल चुका है। उनका कहना है कि पानी की टंकी पर चढ़ी महिलाओं के भी इस योजना में भूखंड हैं और वे लंबे समय से यहां रह रही हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हम अपने भूखंडों पर अधिकार और पजेशन की मांग को लेकर विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की चार प्रमुख मांगें प्रदर्शनकारियों ने श्री जगदीश धाम योजना की जमीन को लेकर चार प्रमुख मांगें रखी हैं। उनकी मांग है कि पुनीत कर्णावट और गोविंद अग्रवाल को योजना की जमीन पर किसी भी तरह का काम करने से रोका जाए। यह खबर भी पढ़ें... जयपुर में 3 महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ीं:डिप्टी मेयर समेत चार लोगों पर लगाए आरोप, पुनीत कर्णावट बोले- ये सोची समझी साजिश जयपुर में 3 अगस्त 2025 को सुबह तीन महिलाएं और तीन पुरुष पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। वे श्री जगदीश धाम योजना में भूखंड मालिक हैं। (पूरी खबर पढ़ें)