निगम चुनाव में सांगानेर विधानसभा की 21 सीटों (वार्ड संख्या 38 से 58) पर प्रदेश की नजरें हैं। सीएम भजनलाल शर्मा का विधानसभा क्षेत्र होने और भाजपा के लिए बीते 5 विस चुनाव से अजेय इस सीट को कांग्रेस के लिए भेदना चुनौतीपूर्ण है। 2020 में निगम चुनाव में 39 वार्डों में से भाजपा ने 22, कांग्रेस ने 15 और 2 वार्डों में निर्दलीय जीते थे। परिसीमन के बाद इस बार 21 वार्ड हैं। इनमें 18 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। 3 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने ताल ठोक रखी हैं। सीएम ने बागियों को भी मनाया। भाजपा ने 12, कांग्रेस ने 8 पुराने चेहरे मैदान में उतारे भाजपा-कांग्रेस के लिए यहां पुराने चेहरों की साख भी दांव पर है। इस बार सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रत्याशियों का चयन खुद किया। भाजपा; सरकार के विकास कार्य गिना रहे सांगानेर इलाके में बीते दो वर्षों में करीब 1500 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू हुए। इनमें ड्रेनेज, सीवरेज लाइन, सांगानेर मुख्य इलाके से ट्रैफिक जाम से राहत के लिए एलिवेटेड, मुहाना मंडी चौराहे पर फ्लाईओवर, हल्दीघाटी रोड पर अंडरपास, मिनी सचिवालय, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की घोषणा के साथ भाजपा विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस; नियमन सहित अन्य समस्याएं मुद्दा कांग्रेस कॉलोनियों के नियमन, ट्रैफिक जाम, जलभराव, रंगाई-छपाई की फैक्ट्रियां बंद होने का मुद्दा उठाकर भाजपा को घेर रही है। प्रत्याशियों का कहना है कि बाकी कॉलोनियों के नियमन के लिए आमजन के साथ मिलकर आवाज उठाई जाएगी। कांग्रेस के पूर्व पार्षद रहे प्रत्याशी अपने पिछले कार्यकाल के विकास कार्य गिनवा रहे हैं।