भास्कर न्यूज | टोंक भाद्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धापूर्वक से मनाया जाएगा। जिले में अधिकतर मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव पर सजावट व भगवान के बालरूप की झांकियां सजाई जाएंगी। कारोला के पास हरे कृष्ण विलेज में जन्माष्टमी का पर्व उत्सव के रुप में मनाया जाएगा। जन्माष्टमी पर यहां करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रमों में श्री प्रभुपाद, श्री गौरांग महाप्रभु और श्रीश्री राधा-माधव के दिव्य दर्शन के साथ 24 घंटे हरिनाम संकीर्तन होगा। श्रद्धालुओं को कृष्ण बुक और सभी के लिए निशुल्क सागारी प्रसाद वितरित किया जाएगा। कृष्ण की लीलाओं पर बच्चों के ड्रामा, बड़े एलसीडी प्रोजेक्टर पर लीलाओं का प्रदर्शन, गोवर्धन सहित विभिन्न झांकियां, बैलगाड़ी भ्रमण और गौ सेवा विशेष आकर्षण रहेंगी। अगले दिन नंदोत्सव और श्रील प्रभुपाद का प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा। इसी प्रकार श्री देवनारायण गुर्जर छात्रावास के देव चौक में शनिवार रात 8 से 12 बजे तक सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें दही-हांडी, कृष्ण-सुदामा चरित्र नाट्य, कालिया देह नागिन नृत्य और नंद की पुकार सहित प्रस्तुतियां होंगी। प्रजापति शिव हनुमान मंदिर, अंबिका कॉलोनी में आकर्षक झांकियां, भजन संध्या व प्रसादी वितरण होगा। ब्रह्मकुमारीज राजयोग भवन, यज्ञ के बालाजी में शुक्रवार शाम 6 से रात 9 बजे तक चैतन्य झांकियां सजेंगी। इनमें मीरा की भक्ति, गोपेश्वर महादेव पूजा, कंस का भय और लक्ष्मी-नारायण दरबार प्रमुख आकर्षण रहेंगे। यहां भी होंगे कार्यक्रम : जिला मुख्यालय पर 250 साल पुराने ऐतिहासिक गोपालजी मंदिर की सजावट कर आकर्षक झांकी सजाकर रात्रि 12 बजे आरती के बाद पंजीरी का प्रसादी वितरण। 59 साल पुराने चंदन चौक पर बना श्रीरामकृष्ण मंदिर में स्थित भगवान कृष्ण के योगेश्वर चक्रधारी स्वरुप की प्रतिमा विराजमान हैं। वहां भी बालकृष्ण की झांकी सजाई जाएगी। सवाईमाधोपुर रोड स्थित गिर्राजधरण मंदिर, श्री श्याम मंदिर, भगवान चारभुजानाथ मंदिर, रामकृष्ण मंदिर, रघुनाथ जी मन्दिर, राधाकृष्ण मंदिर काफला बाजार, सीतारामजी मन्दिर घंटाघर, गिर्राजधरण मन्दिर, मंशापूर्ण भूतेश्वर महादेव मन्दिर, रामेश्वर शिवालय सिविल लाईन, पुरानी टोंक स्थित ठाकुरजी मंदिर, महादेववाली शिवालय सहित शहर व जिलेभर के मन्दिरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।