अलवर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से अलवर पहुंच चुके हैं। हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री संजय शर्मा, पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह समेत भाजपा के कई बड़े नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन और नारियल बांधने के बाद मंच से लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद खुली जीप में सवार होकर मुख्य बाजारों से रोड शो करेंगे। भाजपा ने रोड शो में करीब 10 हजार लोगों के जुटने का दावा किया है और नगर निगम के सभी 65 वार्डों में जीत का दावा भी किया है। अलवर शहर में पिछले तीन दिन से मुख्यमंत्री के रोड शो की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन राज्य मंत्री संजय शर्मा भी रहेंगे। रोड शो करीब 12 बजे श्री जगन्नाथ जी मंदिर पुराना कटला, सुभाष चौक से शुरू होगा। जो शहर के मुख्य बाजार से निकलता हुआ अहिंसा स्थल (मन्नी का बड़) पहुंचेगा। रोड शो सराफा बाजार से त्रिपोलिया, होपसर्कस , घंटाघर , नगर निगम तिराहे , नगर निगम, चर्च रोड, मन्नी का बड़ अहिंसा स्थल पर समापन होगा । सीएम के रोड शो को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि रोड शो के रूट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में वाहन खड़े नहीं करने की अपील की गई है। सर्राफा बाजार, बजाजा बाजार, पंसारी बाजार तिराहा, होपसर्कस, घंटाघर और मालाखेड़ा बाजार में वाहन पार्क करने पर पाबंदी रहेगी। डायवर्जन के दौरान काशीराम चौराहे से घंटाघर, कटला से नगर निगम ऑफिस, कटला की तरफ से नगर निगम, वंडर मॉल से मन्नी का बड़, मनुमार्ग से मन्त्री का बड़, कंट्रोल रूम से होपसर्कस और अशोका टॉकीज से त्रिपोलिया की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश बंद किया हैं।