अजमेर में अंतिम संस्कार के बीच श्मशान घाट पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां दो लोगों की हालत घायल बताई जा रही है। घटना श्रीनगर थाना इलाके के फारकियां गांव में शनिवार सुबह 10 बजे की है। घटना के समय ग्रामीण शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पहुंचे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, फारकिया गांव में बीजा सिंह के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान वहां स्थित मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकल आया और लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। 108 और गोशाला की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया मौके पर मौजूद गोरधन सिंह रावत ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए। घायलों को 108 एंबुलेंस और गोशाला की एंबुलेंस की मदद से जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां अस्पताल में डॉक्टर की टीम घायलों के उपचार में जुट गई। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। कान के अंदर घुसी मधुमक्खी, हालत गंभीर हमले में घायल महेंद्र सिंह और ओमप्रकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है। ओमप्रकाश के कान के अंदर मधुमक्खी घुसने की जानकारी सामने आई है। रतन सिंह रावत का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।