जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र स्थित एक संस्कृत स्कूल में लंच टाइम के दौरान खेल-खेल में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार सुबह 11बजे छठी कक्षा में पढ़ने वाले कुछ छात्र आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान दो छात्रों ने एक छात्र के दोनों हाथों पर सैनिटाइजर डाल दिया और एक छात्र ने माचिस की तीली से आग लगा दी। देखते ही देखते छात्र के हाथ आग की लपटों से घिर गए। छात्र माचीस घर से लेकर आए थे। वहीं स्कूल में सैनिटाइजर ब्लैक बोर्ड साफ करने के काम लिया जाता था। हादसे के दौरान कक्षा में टीजर मौजूद नहीं थी। हाथों पर आग लगी तो घबरा गया छात्र आग लगने के बाद छात्र ने पहले दोनों हाथों को आपस में रगड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग ज्यादा बढ़ गई। घबराए छात्र ने जलते हुए हाथ अपने कपड़ों पर रगड़ दिए। इससे उसके कपड़ों ने भी आग पकड़ ली और स्थिति और गंभीर हो गई। साथियों ने शर्ट खोलकर बुझाई आग छात्र के कपड़ों में आग लगते ही आसपास मौजूद दूसरे छात्र मदद के लिए दौड़े। उन्होंने पीड़ित छात्र की शर्ट खोलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। हादसे में छात्र के हाथ समेत शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। झुलसे छात्र को तत्काल प्राइवेट हॉस्पिटल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मामले में पुलिस को रिपोर्ट नहीं दी गई है।