अजमेर नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद ही भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों ने बोर्ड बनाने के लिए अपने पार्षदों की बाड़बांदी करने की तैयारी कर ली है। भाजपा आज रात तक सभी उम्मीदवारों को अजमेर से बाहर ले जाएगी, वहीं कांग्रेस कल दोपहर बाद की रणनीति बना रही है। इसमें दोनों ही पार्टी न केवल अपने उम्मीदवारों बल्कि जीतने की संभावना वाले निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी फोकस कर रही है। अब 14 सितंबर को चुनाव परिणाम आएगा। तो केवल वे ही उम्मीदवार वापस लौटेंगे जो हार जाएंगे। जीतने वाले कैंडिडेट्स अब मेयर मतदान में ही शामिल होने के लिए आएंगे। दोनों ही राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों को बाहर कहां ले जाना है, उसकी कार्य योजना तैयार कर ली है। इसके लिए सभी प्रत्याशियों को भी तैयार रहने के संकेत दे दिए हैं। दोनों दल संभावित रूप से अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने और परिणाम के बाद किसी तरह की क्रॉस वोटिंग रोकने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। दोनों पार्टियां निर्वाचित पार्षदों को एकजुट रखने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की रणनीति अपना रही है। दोनों दल अभी से संभावित विजयी प्रत्याशियों, खासकर कम अंतर वाले मुकाबलों और प्रभावशाली निर्दलीय चेहरों पर नजर रख रहे हैं। इस बार मुकाबला कई वार्डों में कांटे का माना जा रहा है। निर्दलीय के कारण परिणाम में उलटफेर भी संभव है। ऐसे में बोर्ड बनाने के लिए कुछ निर्दलीय पार्षदों की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए दोनों ही पार्टी ने अपने-अपने समर्थक निर्दलीय को भी साथ लेने का फैसला किया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष बोले- सभी को कल दोपहर को बुलाया इस संबंध में बात करने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जयपाल ने कहा कि मतदान के तुरंत बाद उम्मीदवारों को कहीं नहीं लेकर जा रहे। कल दोपहर को सभी को बुलाया है और उसके बाद तय करेंगे। भाजपा शहर अध्यक्ष बोले- पार्टी की रीति-नीति के बारे में बताएंगे भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि इसमें नए कैंडिडेट्स भी है और सभी को एकजुट रखने व पार्टी की रीति-नीति के बारे में बताने के लिए आज रात सभी को बाहर स्थान पर ले जाकर प्रशिक्षण देंगे। ------------- नगर निकाय चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… 11 घंटे में 63.65% वोटिंग, कहीं फर्जी वोटिंग पर हंगामा:कहीं EVM ने रोका मतदान, 95 साल की मां को गोद में लेकर पहुंचा बेटा अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे खत्म हुआ। 11 घंटे चले मतदान में 63.65% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। (पूरी खबर पढ़ें…)