अलवर में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। सरिस्का क्षेत्र में तेज मूसलाधार बारिश से नदी-नाले बहने लगे। कई जगहों पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। सरकारी स्कूल के बच्चे घर लौटते हुए नदी के बढ़े जल स्तर और तेज बहाव के कारण फंस गए। ग्रामीणों ने एक बड़ी रस्सी को नदी के दोनों किनारों पर मजबूती से बांधा। इसके बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। शहर आज तड़के करीब 5 बजे से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी। सुबह 7:30 बजे के आस-पास तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। फ्रेंड्स कॉलोनी में डेढ़ फीट से ज्यादा पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। कई दुकानों में भी पानी घुस गया। जवाहर नगर, नेहरू नगर और मेहताब सिंह का नोहरा क्षेत्र की कुछ कॉलोनियों में भी जलभराव रहा। देखिए- बारिश से जुड़े PHOTOS… बारिश के कारण वार्ड 45, 46 और 47 में कुछ पार्षद प्रत्याशियों के कार्यालयों में भी पानी घुस गया। टेल्को चौराहा, जेल चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, तुलेड़ा सहित शहर और जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर एक बार फिर नालों की सफाई और पानी निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई जगह नालियों का पानी सड़क पर आने से हालात और बिगड़ गए। इधर, किसानों की चिंता भी बढ़ी: ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया। इन दिनों कई किसान प्याज की बुवाई कर रहे हैं। किसानों के अनुसार लगातार तेज बारिश होने पर प्याज के बीज के ऊपर की मिट्टी बहने या जमने से अंकुरण प्रभावित हो सकता है, जिससे उत्पादन कम होने की आशंका है। इससे पहले शुक्रवार को भी जिले के कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 सितंबर को बादल छाए रहने, हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद 7 सितंबर से मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।