बीकानेर नगर निगम चुनाव के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज रोड शो करेंगे। वो गोकुल सर्किल से रोड शो शुरू करेंगे और नत्थूसर गेट से शहर के भीतरी क्षेत्रों में होते हुए जूनागढ़ तक पहुंचेंगे। उनके साथ विधायक जेठानन्द व्यास भी होंगे। अपने रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री आधा दर्जन वार्डों से होते हुए प्रचार करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री के बीकानेर आगमन से ठीक दो घंटे पहले शहर में उन सड़कों की मरम्मत का काम करवाया जा रहा है, जहां से सीएम का काफिला निकलना है। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री करीब पौने तीन बजे बीकानेर पहुंचेंगे। वो नाल हवाई अड्‌डे पर रहेंगे, जहां चुनाव आचार संहिता नहीं होने के कारण प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। नाल से सड़क मार्ग से होते हुए करमीसर तिराहे से डूडी पेट्रोल पंप तक आएंगे। यहां से वो नत्थूसर गेट की तरफ मुड़ेंगे। जहां से पुष्करणा स्टेडियम पहुंचेंगे। यहीं से दूसरे वाहन में शिफ्ट होकर रोड शो शुरू करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के पार्षद प्रत्याशी भी उनके साथ वाहन में हो सकते हैं। मुख्यमंत्री के आने से पहले सड़कों की मरम्मत आचार संहिता के बीच बीकानेर में मुख्यमंत्री आगमन से ठीक पहले सड़कों की मरम्मत का काम हो रहा है। मुख्यमंत्री डूडी पेट्रोल पंप से नत्थूसर गेट की तरफ जाएंगे। रविवार दोपहर एक बजे इन्हीं सड़कों पर मरम्मत का काम हो रहा था। एक डम्पर में डामर-ग्रीट लेकर चल रहा है और पीछे रोलर मशीन से उसे समतल किया जा रहा है। इन वार्डों से गुजरेंगे मुख्यमंत्री सीएम करीब छह वार्डों से होते हुए रोड शो करेंगे। इस दौरान पुष्करणा स्टेडियम के वार्ड 57, बारह गुवाड़ के वार्ड 58, हर्षों के चौक के वार्ड 74, तेलीवाड़ा के वार्ड 79 और 80, सार्दुल सिंह सर्किल के वार्ड 51 से निकलेंगे। हालांकि नाल से सार्दुल सिंह सर्किल के बीच तक मुख्यमंत्री कुछ और वार्डों से भी निकलेंगे लेकिन वहां वो रोड शो नहीं करेंगे। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का काफिला वार्ड संख्या 23, 24, 57, 58, 66, 67, 73, 74, 75, 79 और 80 से होकर गुजरने की संभावना है। जूनागढ़ में होगी महत्वपूर्ण बैठक रोड शो खत्म होने के बाद जूनागढ़ में भाजपा के सीनियर नेताओं के साथ मुख्यमंत्री चुनाव को लेकर खास चर्चा करेंगे। करीब दो घंटे के मुख्यमंत्री के दौरे में रोड शो भी काफी स्पीड से होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन तैयारी में जुटा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रोड शो वाले स्थानों के साथ ही रास्ते में भी बेरिकेड्स लगाए गए हैं ताकि कोई काफिले में प्रवेश नहीं कर सके। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। हर गली के आगे एक पुलिसकर्मी के साथ ही बेरिकेड्स लगा दिए गए हैं।