अलवर नगर निकाय चुनाव में वार्ड नंबर 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत अग्रवाल का नामांकन खारिज किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नामांकन रद्द होने के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बुधवार शाम अलवर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। जूली ने आरोप लगाया कि हेमंत अग्रवाल का नामांकन वर्ष 2012 के एक मामले का हवाला देकर खारिज किया गया, जबकि इस मामले में हेमंत पहले ही दोषमुक्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन के साथ पुलिस वेरिफिकेशन भी लगाया गया था। 29 अगस्त के बाद दोबारा कराए गए पुलिस वेरिफिकेशन में भी उक्त मामले की कोई जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में प्रशासन ने किस आधार पर नामांकन खारिज किया, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। जूली ने आरोप लगाया कि प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस मामले को लेकर कोर्ट की शरण में गई है। इससे पहले मंगलवार रात नामांकन खारिज होने के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित कई नेता मिनी सचिवालय पहुंचे थे और निर्वाचन आयोग को ऑनलाइन शिकायत भी भेजी थी। थानागाजी में भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक को लेकर विवाद एक तरफ जहां अलवर नगर निगम में कड़े नियमों का हवाला देकर 132 पर्चे खारिज किए गए, वहीं थानागाजी नगरपालिका के वार्ड 14 में दोहरे रवैये का आरोप लगा है। वार्ड 14 से भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल शर्मा का प्रस्तावक एक सरकारी कर्मचारी बन गया। शिकायतकर्ता सीमा शर्मा (पत्नी मुकेश शर्मा) ने रिटर्निंग अधिकारी व एसडीएम को दिए लिखित पत्र में आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक मुकेश कुमार शर्मा (पुत्र साधूराम शर्मा) वर्तमान में राजकीय सेवा में कार्यरत हैं। निर्वाचन नियमावली के तहत सरकारी कर्मचारी प्रस्तावक नहीं बन सकता, फिर भी उनका नामांकन निरस्त नहीं किया गया। शिकायत के बावजूद अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। 3 सितंबर तक नाम वापसी का मौका रिटर्निंग अधिकारी अम्बालाल मीणा ने बताया कि प्रत्याशी 3 सितंबर (गुरुवार) अपराह्न 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। उम्मीदवार को प्रारूप 5 में लिखित आवेदन स्वयं या अपने प्रस्तावक के जरिए सौंपना होगा।जेल या हिरासत में बंद प्रत्याशी प्राधिकृत व्यक्ति के जरिए आवेदन भेज सकेंगे। एक बार नाम वापस लेने के बाद आवेदन रद्द या वापस नहीं किया जा सकेगा। बता दें, नगर निगम अलवर में 65 वार्ड हैं। यहां दोनों पार्टियों ने सब वार्ड में प्रत्याशी उतारे हैं। लेकिन कांग्रेस के वार्ड 58 के प्रत्याशी हेमंत अग्रवाल का नामांकन खारिज किया गया है। अलवर निकाय चुनाव 2026: कहां कितने नामांकन खारिज, अब कितने बचे नगर निगम अलवर के सभी 65 वार्डों में स्क्रूटनी के बाद 132 नामांकन खारिज हो गए। अब जानिए किस वार्ड में कितने सही नामांकन। अब नाम वापस के बाद प्रत्याशी व चुनाव चिह्न आवंटित होंगे।