अलवर नगर निगम के चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को घोषणा-पत्र जारी किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बारिश के बीच में ही आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में जमकर भ्रष्टाचार है। जूली ने कहा कि यहां हर काम में भ्रष्टाचार है। छोटे- छोटे विकास के कार्य ठप हो गए। पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि बीजेपी के नेता वोट मांगने आएं तो उनसे हिसाब जरूर लेना है। यदि वो आपके सवालों का सही जवाब दें और आप संतुष्ट हैं तो चाहे उनको वोट देना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विकास के काम खूब किए थे, उनको जरूर याद रखें। ताकि आप लोगों के काम आसानी से बिना भ्रष्टाचार के हो सकें। दोनों नेताओं ने जन घोषणा-पत्र भी जारी किया। घोषणा-पत्र के पोस्टर आमजन को दिए। कांग्रेस की ओर से किए गए वादे भी गिनाए। अलवर नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का जन घोषणा-पत्र 2026 1. स्वच्छ और स्वस्थ अलवर नगर निगम की सफाई व्यवस्था को सुधारकर नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकतानुसार सफाई कर्मियों की नियुक्ति होगी। हर घर से नियमित कचरा संग्रहण के लिए ऑटो-टीपर और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। सफाई कर्मियों को आधुनिक उपकरण और तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ठेका व्यवस्था की समीक्षा कर बेहतर प्रबंधन और निगरानी की जाएगी। 2. सीवर, नाली और जल निकासी का स्थायी समाधान संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से सीवर व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। जलभराव और नालियों की समस्या से निपटने के लिए "ड्रेनेज मास्टर प्लान" तैयार किया जाएगा। सीवर कार्य के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाएगा। जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन नहीं डली है, वहां प्राथमिकता से लाइन डाली जाएगी। 3. बेहतर सड़कें, रोशनी और यातायात व्यवस्था खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों का प्राथमिकता से सुधार एवं पुनर्निर्माण होगा। प्रत्येक वार्ड की मुख्य सड़कों और आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था विकसित की जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपयुक्त स्थानों पर मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण होगा। 4. हेरिटेज पार्क और सामुदायिक सुविधाएं नगर निगम के पार्कों का नवीनीकरण, सौंदर्यकरण और नियमित रखरखाव होगा। नए पार्कों और हरित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में मध्यम एवं गरीब वर्ग के लिए सामुदायिक भवन विकसित होंगे। रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर तथा अन्य आवश्यक क्षेत्रों में पार्कों का विकास किया जाएगा। बाला किला, सागर जैसे अलवर के प्रमुख हेरिटेज स्थलों का सौंदर्यकरण कर उन्हें 'टूरिस्ट स्पॉट' के रूप में विकसित किया जाएगा। 5. स्मार्ट और जवाबदेह नगर निगम शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 'सिंगल विंडो' (Single Window) समाधान व्यवस्था होगी। सेवाओं, शिकायतों, आवेदन और नगर निगम की गतिविधियों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित होगा। प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और सामुदायिक भवनों पर पब्लिक Wi-Fi की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर पार्षद सेवा केंद्र स्थापित होंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। 6. युवाओं के लिए आधुनिक अलवर Gen-Z युवाओं के लिए शहर में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। युवाओं के लिए आधुनिक जिम (Gym) की सुविधा विकसित होगी। युवाओं को डिजिटल शिक्षा और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 7. रोजगार और कमजोर वर्ग के लिए अवसर आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए रोजगार तथा आजीविका के बेहतर अवसरों की पहल की जाएगी। शहर के विकास में गरीब एवं मध्यम वर्ग की आवश्यकताओं को प्राथमिकता मिलेगी। रेहड़ी-पटरी द्वारा जीवन यापन करने वाले गरीबों को अलग से व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। 8. आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान आवारा पशुओं से होने वाली यातायात और सार्वजनिक समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाएगा। गायों के लिए गौशाला तथा आवारा कुत्तों के लिए 'शेल्टर होम' बनाए जाएंगे। 9. पट्टा, भवन निर्माण और कर व्यवस्था में सरलता पात्र नागरिकों के लिए निगम द्वारा दिए जाने वाले आवासीय पट्टों की प्रक्रिया आसान बनाई जाएगी। भवन निर्माण अनुमति एवं भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाएगा। UD Tax (यूडी टैक्स) का व्यावहारिक निर्धारण किया जाएगा। 2007-2022 तक का UD Tax माफ किया जाएगा तथा 2023 से सरल नियम लागू करने की दिशा में कार्य होगा। 10. पटरीपार क्षेत्र का विकास पटरीपार क्षेत्र के निवासियों के लिए पूर्व की तरह आसान शर्तों पर आवासीय पट्टे जारी किए जाएंगे। पटरीपार स्थित कॉलोनियों में नए पार्क विकसित किए जाएंगे।