अलवर नगर निगम चुनाव में नामांकन वापसी के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने बागी प्रत्याशियों को मनाने में जुटी रही। बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन वापस लिया। कई वार्डों में पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने अब पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन का ऐलान किया है। 70 से ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशियों के गुरुवार को नामांकन वापस लेने की जानकारी सामने आई है। इसमें वार्ड 44 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी खड़े हुए भतीजे ने चाचा को समर्थन देते हुए नाम वापस ले लिया। वहीं भाजपा ने दो बागियों को संगठन में पद देने का आश्वासन देते हुए मनाया। वार्ड 39 में भाजपा कार्यकर्ता ने टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस जॉइन कर ली। वार्ड 64 में भाजपा को राहत वार्ड 64 से भाजपा से नाराज होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे पुलकित जांगिड़ और विनय शर्मा ने नामांकन वापस ले लिया। दोनों अब भाजपा प्रत्याशी सोनू चौधरी के समर्थन में आ गए हैं। पुलकित ने बताया- पार्टी पदाधिकारियों ने मुझसे संपर्क कर समझाइश की। संगठन में पद देने का भरोसा मिलने के बाद हम दोनों ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। अब मैं भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार करूंगा। वार्ड 28 में कांग्रेस बागी ने भी पर्चा लिया वापस वार्ड 28 से कांग्रेस की बागी प्रत्याशी इंद्रा सैनी ने भी नामांकन वापस ले लिया। अब उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रितेश सैनी को समर्थन देने की बात कही है। इंद्रा ने कहा- मैं अपने वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करूंगी। वार्ड 20 में भी दो नामांकन वापस वार्ड 20 में पूर्व मेयर घनश्याम गुर्जर की पुत्रवधू बीना गुर्जर के सामने चुनौती पेश कर रही पूनम ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसी वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी शिवांगी मिश्रा और रेणू ने भी नामांकन वापस लिया। वार्ड 39 में भाजपा छोड़ कांग्रेस के समर्थन में आए मुकेश वार्ड 39 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे मुकेश चंद इंदौरिया ने भी नामांकन वापस ले लिया। मुकेश करीब 15 साल से भाजपा कार्यकर्ता थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस जॉइन कर ली है। अब वे कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा की पत्नी कमलेश योगेश मिश्रा के समर्थन में प्रचार करेंगे। वार्ड 44 में चाचा-भतीजे साथ वार्ड 44 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी सूरज ने नामांकन वापस लेकर अपने चाचा धारा सिंह को समर्थन दे दिया है। अब चाचा-भतीजे मिलकर वार्ड में चुनावी मैदान में सक्रिय रहेंगे। इसी वार्ड से भाजपा से टिकट मांग रहे विनोद महावर ने भी नामांकन वापस लिया है। वार्ड 40 में ममता वर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को दिया समर्थन वार्ड 40 में कांग्रेस से टिकट मांग रही ममता वर्मा को टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था। अब उन्होंने पर्चा वापस लेकर कांग्रेस प्रत्याशी नेहा को समर्थन देने का फैसला किया है। इसी वार्ड से चांद बाला ने भी नामांकन वापस ले लिया। इन प्रत्याशियों ने भी वापस लिए नामांकन