अलवर में आज सुबह करीब 6 बजे से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। शहर से सटे तुलेड़ा गांव सहित आसपास के इलाकों में करीब डेढ़ घंटे के दौरान कभी हल्की, कभी मध्यम और कुछ समय तेज बारिश हुई। फिलहाल बूंदाबांदी जारी है। बारिश से गर्मी से राहत मिली है और सुबह का मौसम ठंडा व सुहावना हो गया है। अरावली की पहाड़ियों की ओर बादल नीचे तक आ गए हैं। हालांकि शहर में अभी अच्छी बारिश का इंतजार है। तेज बारिश होने पर जिले के सूखे पड़े पांच बांधों में भी पानी पहुंचने की उम्मीद है। 28 अगस्त तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 25 अगस्त को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 26 से 28 अगस्त तक शाम या रात के समय बारिश होने की संभावना है। जिले में अब तक 364.7 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य बारिश 419.7 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह मानसून सीजन में अब तक करीब 13 प्रतिशत बारिश कम हुई है। आगे अच्छी बारिश होने पर बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद है।