अलवर जिले में शुक्रवार को सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अलवर शहर समेत कई इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं। सुबह करीब 5:30 बजे कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादल छाए रहने और हल्की हवा चलने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। गुरुवार को भी जिले में बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर में हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। इससे दिन के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिले में गुरुवार को राजगढ़ और कठूमर में 15-15 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा लक्ष्मणगढ़ में 14 मिमी, नौगांवा में 6 मिमी तथा अलवर और थानागाजी में 5-5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम में ठंडक महसूस की गई। अगले 6 दिन बादल-बारिश का दौर मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले छह दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। 4 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। 4 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री रहने का अनुमान है। 5 सितंबर को तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 6 सितंबर को 34, 7 सितंबर को 32 और 8 व 9 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। सामान्य से 9% कम बारिश अलवर में इस सीजन में अब तक 432 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि 4 सितंबर तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 471.7 मिमी होना चाहिए था। ऐसे में जिले में अब तक सामान्य से करीब 39.7 मिमी कम बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 8.4%, यानी लगभग 9% कम है। अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहने से बारिश की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है।