अरनोद गांव में रात के समय हो रही अनियमित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार कर रात के समय बिजली की आपूर्ति नियमित और सुचारू करने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि बरसात के मौसम में रात के समय बार-बार और लंबे समय तक बिजली बंद रहती है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे में आने-जाने वाले लोगों को जहरीले जीव-जंतुओं के आने का डर बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार पूरी रात बिजली बंद रहने से घरों में मच्छरों की समस्या भी बढ़ जाती है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। निकाय चुनाव में प्रचार करने वालों को भी परेशानी ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों निकाय चुनाव का माहौल है। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशी और कार्यकर्ता रात में भी गांव में आते-जाते हैं। ऐसे में बिजली कटौती के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी से मांग की कि वे बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दें, ताकि रात के समय हो रही अनियमित बिजली कटौती पर रोक लग सके। ग्रामीणों ने अरनोद में बिजली आपूर्ति नियमित करने और बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाने का आग्रह किया। ज्ञापन अरनोद के सभी ग्रामवासियों की ओर से सौंपा गया।