बद्रीनाथ धाम के महिला तप्त कुंड में स्नान करते समय दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली रिश्ते की बहनें थीं। वे संकल्प के तहत डुबकी लगा रही थीं, तभी बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया। मृत महिलाओं की पहचान 71 साल की रामु देवी (पत्नी अमरचंद शर्मा) और 73 साल की प्रेम देवी (पत्नी मदन शर्मा) के रूप में हुई है। ये दोनों भीलवाड़ा, राजस्थान की रहने वाली थीं। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान से 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं का एक दल 4 सितंबर से बद्रीनाथ धाम में है। यह दल यहां कथा का आयोजन भी कर रहा था। शुक्रवार को चार महिला श्रद्धालु 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ तप्त कुंड में स्नान करने पहुंची थीं। श्रद्धालुओं ने कुंड से महिलाओं को बाहर निकाला डुबकी लगाते समय रामु देवी और प्रेम देवी अचानक बेहोश हो गईं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें कुंड से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी है। कुंड में स्नान कर रहीं भगवती देवी और सोहनी देवी स्वस्थ हैं। बताया गया कि श्रद्धालु रोज तप्त कुंड में स्नान करने के बाद भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करते थे। घटना के समय मृत महिलाओं के परिवार के सदस्य मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए थे। थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि यह हादसा आज सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। दोनों कुंड के अंदर बेहोश हालत में मिलीं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। 50 डुबकी लगा चुकी थी दोनों SDRF और SHO महादेव उनियाल ने बताया कि हादसे के वक्त महिलाएं 50 डुबकी लगा चुकी थीं। शुरुआत में वे धीरे-धीरे डुबकी लगा रही थीं, लेकिन जैसे ही उनके परिवार के लोग मंदिर की तरफ गए, उन्होंने तेज-तेज डुबकी लगाना शुरू कर दिया, जिससे उनकी सांस फूल गई। परिवार ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है। अब SDM के निर्देशानुसार शव परिवार को सौंप दिए जाएंगे। अमरचंद शर्मा और मदन शर्मा ने कहा कि वे आगे के संस्कार हरिद्वार में कराएंगे, इसलिए उन्हें शव चाहिए। पुलिस अपनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शव परिवार को सौंप देगी। --------------------------------------------- ये खबर भी पढ़ें…. रुद्रप्रयाग में बादल फटा, हेलीपैड के पास आया मलबा-पत्थर:केदारनाथ यात्रा रोकी; नैनीताल में उफनते नाले में उतारीं बस और बुलेट रुद्रप्रयाग में तड़के चिरबासा हेलीपैड के पास बादल फटने से करीब 150 मीटर इलाके में भारी लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिरने के कारण सुरक्षा के लिहाज से केदारनाथ यात्रा सुबह कुछ समय के लिए रोक दी गई। (पढ़ें पूरी खबर)