बाली और सादड़ी में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को दोनों नगर निकायों में कुल 110 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। बाली नगरपालिका में 33 अभ्यर्थियों ने 34 नामांकन पत्र जमा किए, जबकि सादड़ी नगरपालिका में 76 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। इसके चलते शनिवार को दोनों नगर निकायों में नामांकन फॉर्म लेने और जमा कराने के लिए प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों की भीड़ रही। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में दावेदारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है। बाली में 34 नामांकन, 25 वार्डों में चुनाव बाली नगरपालिका के 25 वार्डों में चुनाव होने हैं। शनिवार को सुबह से ही नगरपालिका परिसर में दावेदारों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगरपालिका परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा। सादड़ी में 76 लोगों ने भरे पर्चे सादड़ी नगरपालिका के 35 वार्डों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया जारी है। शनिवार को 76 लोगों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी विश्वजीत सिंह की देखरेख में नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। यहां भी सुबह से ही दावेदारों और समर्थकों की भीड़ लगी रही। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ बाली और सादड़ी में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। भाजपा-कांग्रेस की सूची का इंतजार दोनों निकायों में अभी तक भाजपा और कांग्रेस ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। ऐसे में टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों के बीच असमंजस बना हुआ है। राजनीतिक दलों की सूची जारी होने के बाद कई वार्डों में मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।