बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव स्थित जैन मंदिर में बीती रात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान पार्श्वनाथ और शांतिनाथ की अष्टधातु की प्रतिमाओं समेत क्षेत्रपाल और पद्मावती माता की प्रतिमाएं, अष्टधातु का सिंहासन और छत्र चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिलने पर जैन समाज में नाराजगी फैल गई। सुबह मंदिर पहुंचे तो टूटे मिले ताले मंदिर से जुड़े प्रदीप जैन ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे मंदिर से लौटे थे। उस समय मंदिर के सभी ताले सही सलामत थे। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जब वह दोबारा मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो मंदिर में रखी कई बहुमूल्य वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद घटना की जानकारी जैन समाज और सदर थाना पुलिस को दी गई। अष्टधातु की प्रतिमाएं और सिंहासन चोरी प्रदीप जैन के अनुसार चोर भगवान पार्श्वनाथ और शांतिनाथ की दो मुख्य अष्टधातु प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब दो-दो किलो वजन की क्षेत्रपाल और पद्मावती माता की अष्टधातु प्रतिमाएं भी चोरी हुई हैं। मंदिर से अष्टधातु का सिंहासन और छत्र भी गायब मिला। चोरी की सूचना के बाद मौके पर जैन समाज के लोग भी पहुंच गए। CCTV कैमरे नहीं होने का उठाया फायदा प्रदीप जैन ने बताया कि मंदिर कस्बे से कुछ दूरी पर स्थित है और वहां CCTV कैमरे भी नहीं लगे हुए हैं। आशंका है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है।