अलवर नगर निगम सहित चार नगर पालिकाओं (रामगढ़, नौगावां, मालाखेड़ा व बहादरपुर) के निकाय चुनाव कराने के लिए मंगलवार को अंतिम ट्रेनिंग के बाद करीब 329 दलों को रवाना किया जा रहा है। सबसे अधिक अलवर नगर निगम में 65 वार्ड हैं। यहां 249 बूथों पर वोटिंग होगी। कला कॉलेज से सब दलों को ट्रेनिंग देने के बाद ईवीएम और सील करने की आवश्यक सामग्री देकर रवाना किया गया। कर्मचारियों की छाया के लिए लगाया टैंट रात के अंधड़ बारिश में उड़ गया। इस कारण कर्मचारियों को धूप में बैठना पड़ा। छांव के लिए आसपास के गत्ते व अन्य सामग्री सिर पर रख कर ट्रेनिंग लेनी पड़ी है। पूरे चुनाव में 1900 पुलिसकर्मी लगे हैं। इनके लावा अतिरिक्त जाब्ता भी है। कला कॉलेज में ट्रेनिंग के दौरान धूप में बैठे कर्मचारी खुद को रोक नहीं पाया। मीडियाकर्मियों के पूछने पर उसका गुस्सा बाहर आ गया। कर्मचारी ने कहा कि धूप में बैठे हैं। गर्मी बहुत तेज हैं। यहां कोई व्यवस्था नहीं है। अलवर कलेक्टर ने इस जिले की सबसे खराब हालत कर रखी है। धूप में पसीने में तरबतर हैं। ऊपर छांया तक नहीं है। अधिकारी आराम से छाया में बैठे हैं। पहले चरण में बुधवार (9 सितंबर) को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। नगर निगम अलवर के अलावा 4 नगर पालिकाओं के 165 वार्डों में वोटिंग कराने वाले दल संबंधित उपखंड क्षेत्र में ही ट्रेनिंग लेकर भेज गए हैं। ट्रेनिंग लेकर मतदान दल ईवीएम के साथ बूथों पर रवाना हो रहे हैं। इस चरण में कुल 3 लाख 28 हजार 710 मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार (8 सितंबर) सुबह 9 बजे से अंतिम प्रशिक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। सभी नगर पालिकाओं के मतदान दलों को उनके संबंधित निकाय मुख्यालयों से सामग्री बांटकर रवाना किया जाएगा। आपात स्थिति के लिए 10 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है। कहां कितने मतदाता और पोलिंग पार्टियां नगर निगम अलवर में 2,68,292 मतदाता हैं | यहां 249 मतदान दल हैं। नगर पालिका रामगढ़ में 27,005 मतदाता हैं। यहां 35 मतदान दल पहुंचेंगे। नगर पालिका बहादुरपुर में 15,775 मतदाता हैं। यहां 25 मतदान दल हैं। नगर पालिका मालाखेड़ा में 9,555 मतदाता हैं । यहां 20 मतदान दल हैं। नगर पालिका नौगांवा में 8,083 मतदाता हैं। यहां 20 मतदान दल हैं।